रांची: दुर्गापूजा पर यात्रियों को राहत, रांची-अलीपुरद्वार के बीच चलेगी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन

Spread the love

रांची: दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने रांची और अलीपुरद्वार के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 08661/08662 रांची-अलीपुरद्वार-रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल निर्धारित अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित होगी।

ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार रात 11:25 बजे रांची से रवाना होगी और बुधवार सुबह 4 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन मुरी, झालिदा, बोकारो, धनबाद, जसीडीह, किउल, कटिहार और सिलीगुड़ी होते हुए अलीपुरद्वार जाएगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार-रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार सुबह 7 बजे अलीपुरद्वार से रवाना होगी और गुरुवार सुबह 9:15 बजे रांची पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन सिलीगुड़ी, कटिहार, किउल, जसीडीह, धनबाद, बोकारो, झालिदा और मुरी होते हुए रांची पहुंचेगी।

रांची-अलीपुरद्वार-रांची पूजा स्पेशल में कुल 22 कोच होंगे। इनमें एसएलआरडी के दो, सामान्य श्रेणी के दो, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 15, वातानुकूलित थ्री-टियर के दो और वातानुकूलित टू-टियर का एक कोच शामिल होगा। पूजा स्पेशल के संचालन से दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी।