जमशेदपुर: सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की पहचान और उसके परिजनों तक समय पर सूचना पहुंचाना कई बार चुनौती बन जाता है। इसी समस्या के समाधान की दिशा में Friends Allied Services की पहल ‘मदद साथी’ ने Emergency QR की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में व्यक्ति की पहचान और उसके परिवार से संपर्क की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है।


‘मदद साथी’ के निदेशक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों को कई बार घायल व्यक्ति के परिवार के बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल पाती। ऐसे में वाहन पर लगाया गया Emergency QR संपर्क का माध्यम बन सकता है। QR को स्कैन करने पर संबंधित व्यक्ति की ओर से उपलब्ध कराई गई आवश्यक जानकारी सामने आ सकती है, जिससे परिजनों से संपर्क करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति की सहमति और उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर Emergency QR में नाम, परिवार के संपर्क नंबर, पता, फोटो और आवश्यक मेडिकल जानकारी जैसी सूचनाएं जोड़ी जा सकती हैं। आपात स्थिति में यह जानकारी मौके पर मौजूद लोगों या मदद करने वाले व्यक्ति के लिए उपयोगी हो सकती है।
नितेश कुमार सिंह ने कहा कि एक छोटा सा QR किसी परिवार के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का इस्तेमाल बाइक, स्कूटी और कार समेत विभिन्न वाहनों में किया जा सकता है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों, स्कूली बच्चों और डिलीवरी कर्मियों के लिए भी इसे उपयोगी बनाने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल जानकारी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आपात स्थिति में सही व्यक्ति तक सही समय पर सूचना पहुंचाने की व्यवस्था तैयार करना है। इसी उद्देश्य के साथ ‘मदद साथी’ Emergency QR को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।

