जमशेदपुर: स्क्रैप कारोबारी ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू के एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर ED की छापेमारी

Spread the love

जमशेदपुर: स्क्रैप कारोबारी ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल से जुड़े एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी की जानकारी सामने आई है। बुधवार अहले सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित उनके आवास और कार्यालय के अलावा पश्चिम बंगाल के कोलकाता समेत अन्य स्थानों पर भी ED की टीम के पहुंचने की बात कही जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी में 50 से अधिक अधिकारियों के शामिल होने की बात सामने आई है। टीम द्वारा कारोबारी से जुड़े विभिन्न परिसरों में दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। हालांकि, जांच के दौरान क्या-क्या सामग्री बरामद हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि ED की कार्रवाई में कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके अलावा कथित GST घोटाले से जुड़े मामले में भी सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है। एजेंसी कारोबारी से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद कारोबारी और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या कार्रवाई को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल ED की छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों और बरामदगी की विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।