जमशेदपुर: डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अपराध व विधि-व्यवस्था की समीक्षा की, दुर्गापूजा-दीपावली-छठ को लेकर सुरक्षा पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड पुलिस की डीजीपी तदाशा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं। उन्होंने बिष्टुपुर के सीएच एरिया स्थित जिले के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में शहर में अपराध की स्थिति और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गयी।

बैठक के दौरान हाल के दिनों में सामने आयी आपराधिक घटनाओं, खासकर चर्चित केनरा बैंक लूटकांड और मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर डीजीपी ने अब तक की पुलिस कार्रवाई, जांच की प्रगति और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियानों की जानकारी ली।

डीजीपी ने आपराधिक घटनाओं में शामिल गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय करने और शहर में गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों से फीडबैक लिया।

बैठक में डीजीपी ने आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान एसएसपी समेत कोल्हान प्रक्षेत्र के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए डीजीपी ने एसएसपी समेत अन्य जिलों के एसपी को विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने को कहा।