धनबाद: जामताड़ा से सटे निरसा थाना क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों की सूचना के बाद धनबाद पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पिठाक्यारी गांव में छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ग्रामीण एसपी एस याकूब के नेतृत्व में गठित टीम में 35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष व महिला पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को मिली सूचना को तकनीकी इनपुट के जरिए सत्यापित करने के बाद कार्रवाई की गई।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 2.85 लाख रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम व डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड और दो पैन कार्ड बरामद किए। इसके अलावा साइबर फ्रॉड से जुड़े विवरण वाली एक डायरी भी पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और डायरी की जांच कर कथित साइबर गतिविधियों तथा बैंक खातों में हुए लेन-देन से जुड़ी कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में श्यामसुंदर रविदास और राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास समेत कुछ लोगों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में श्यामसुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुंदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास शामिल हैं। सभी पिठाक्यारी गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने मामले में निरसा थाना कांड संख्या 334/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि बरामद डिजिटल और बैंकिंग साक्ष्यों की जांच के बाद साइबर गतिविधियों में आरोपियों की भूमिका और संभावित अन्य कड़ियों की जानकारी सामने आ सकती है।

