घाटशिला: घाटशिला थाना क्षेत्र के चापड़ी गांव में 28 वर्षीय दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी 27 वर्षीय कुश गोराई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। आरोप है कि महिला मैदान में शौच के लिए गई थी, इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।


परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता के परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा आरोपी पक्ष के लोगों द्वारा बाद में पीड़िता के घर पहुंचकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर 1 अक्टूबर को घाटशिला थाना में कांड संख्या 58/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापामारी दल में थाना प्रभारी भूषण कुमार, एसआई प्रेम कुमार निषाद, उमेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

