जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल के पास दो कारोबारियों के बीच हुई मारपीट में अजय भालोटिया घायल हो गए। उनकी शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में कारोबारी दिलीप मुरारका के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को यूनाइटेड क्लब में अजय भालोटिया और दिलीप मुरारका के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके अगले दिन 1 अक्टूबर को दोनों लोयोला स्कूल के पास पहुंचे। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान दिलीप मुरारका ने क्रिकेट बैट से अजय भालोटिया के साथ मारपीट की। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। मारपीट का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
घटना के बाद घायल अजय भालोटिया बिष्टुपुर थाना पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दिलीप मुरारका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के अलावा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मारपीट की वजह और घटना के पूरे क्रम की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में भी जुटी है।
अजय भालोटिया बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में जुबिली पार्क के पास बंगला नंबर 10 के निवासी बताए गए हैं, जबकि दिलीप मुरारका भी बिष्टुपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

