रांची: होटल और बार की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने देर रात शहर के कई इलाकों में विशेष अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर क्षेत्र की अलग-अलग पुलिस टीमों ने आधा दर्जन से अधिक होटल और बार में छापेमारी की। कचहरी चौक स्थित एक होटल में कथित देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। होटल के कमरों से आधा दर्जन से अधिक युवतियों को पकड़ा गया, जबकि कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल में कमरे बुक कर कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद टीम ने होटल में छापेमारी की और रिसेप्शन से लेकर कमरों तक जांच की। पुलिस ने होटल में ठहरे लोगों के रिकॉर्ड और बुकिंग से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। मौके से कुछ सामान और मोबाइल फोन मिलने की बात कही जा रही है, जिसकी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवतियों को होटल तक कौन पहुंचाता था, ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से किया जाता था और पैसों का लेन-देन कैसे होता था। पुलिस को मामले में कथित बिचौलियों की भूमिका की भी आशंका है।
एएसपी कोतवाली निखिल राय के अनुसार, मामले की जांच जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरे की बुकिंग और मोबाइल फोन से मिली जानकारी के आधार पर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच हो रही है। लालपुर समेत शहर के अन्य होटल और बार में भी पुलिस ने जांच कर संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और बरामद सामग्री की जांच जारी है।

