मुंबई: आईफा अवॉर्ड्स 2027 की प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता सलमान खान, शाहिद कपूर के साथ मजाक करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान शाहिद की पूर्व गर्लफ्रेंड करीना कपूर भी मंच पर मौजूद थीं। कार्यक्रम में वरुण धवन, रश्मिका मंदाना और कई अन्य कलाकार भी शामिल हुए।


वायरल वीडियो में सबसे पहले करीना कपूर मंच पर पहुंचती हैं। इसके बाद रश्मिका मंदाना और फिर शाहिद कपूर मंच पर आते हैं। मंच पर चढ़ते समय शाहिद अपने हाथ से स्टेज को छूते हैं। यह देखकर माइक थामे सलमान खान मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करते हैं कि शाहिद ने उनके पैर नहीं छुए, बल्कि स्टेज को छुआ है। सलमान की इस बात पर वहां मौजूद लोग हंसने लगते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने सलमान खान के मजाक पर टिप्पणी की, जबकि कुछ यूजर्स ने शाहिद कपूर की प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा की। वहीं, शाहिद और करीना के पुराने रिश्ते का जिक्र भी सोशल मीडिया पर होने लगा है।
शाहिद कपूर और करीना कपूर की नजदीकियां वर्ष 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘फिदा’ के दौरान बढ़ी थीं। दोनों ने ‘फिदा’, ‘चुप चुप के’, ‘36 चाइना टाउन’ और ‘जब वी मेट’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2007 में ‘जब वी मेट’ की शूटिंग के दौरान दोनों का रिश्ता खत्म हो गया था। बाद में दोनों वर्ष 2010 में रिलीज फिल्म ‘मिलेंगे-मिलेंगे’ में भी नजर आए। करीना ने 2012 में सैफ अली खान से शादी की, जबकि शाहिद ने 2015 में मीरा राजपूत से विवाह किया।
आईफा अवॉर्ड्स 2027 का आयोजन 22 और 23 जनवरी को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में प्रस्तावित है। कार्यक्रम में करण जौहर और वरुण धवन की मेजबानी करने की संभावना जताई गई है। कई बॉलीवुड सितारों के शामिल होने और प्रस्तुति देने की भी उम्मीद है। आयोजन का प्रसारण दुनियाभर में यूट्यूब पर किए जाने की जानकारी दी गई है।

