रांची: भगवान बिरसा जैविक उद्यान में मादा दरियाई घोड़ा मोनी ने बच्चे को दिया जन्म, संख्या बढ़कर 11 हुई

Spread the love

रांची: ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में गुरुवार सुबह वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशी की खबर सामने आई। उद्यान की मादा हिप्पोपोटेमस (दरियाई घोड़ा) मोनी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इसके साथ ही उद्यान में दरियाई घोड़ों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है। नवजात के जन्म के बाद उद्यान प्रबंधन में उत्साह है और मां व बच्चे के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा रही है।

उद्यान के निदेशक जब्बर सिंह ने इस जन्म को वन्यजीव संरक्षण और सफल प्रजनन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उद्यान में वन्यजीवों की उचित देखभाल और संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। नवजात और उसकी मां मोनी की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि दोनों स्वस्थ रहें।

जानकारी के अनुसार, मोनी हिप्पोपोटेमस लालू और लिली की बेटी है। उसका जन्म 20 जनवरी 2023 को हुआ था। अब मोनी ने स्वयं एक बच्चे को जन्म दिया है, जिससे उद्यान में दरियाई घोड़ों की संख्या में वृद्धि हुई है।

भगवान बिरसा जैविक उद्यान रांची से करीब 20 किलोमीटर दूर ओरमांझी में रांची-रामगढ़ मार्ग पर स्थित है। लगभग 104 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह उद्यान झारखंड के प्रमुख वन्यजीव संरक्षण केंद्रों में शामिल है। इसकी स्थापना 26 जनवरी 1994 को हुई थी। उद्यान में विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों के संरक्षण, देखभाल और प्रजनन पर विशेष ध्यान दिया जाता है।