जमशेदपुर: सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में हर्षित केडिया बने सिटी टॉपर, 387 अंक लाकर किया शहर का नाम रोशन

Spread the love

जमशेदपुर: सीए इंटरमीडिएट (आईपीसीसी) परीक्षा के घोषित परिणाम में शहर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। हर्षित केडिया ने 387 अंक हासिल कर जमशेदपुर में पहला स्थान प्राप्त किया। आईसीएआई जमशेदपुर शाखा के सचिव सीए चेतन अग्रवाल के अनुसार, विशाखा मिश्रा 383 अंकों के साथ दूसरे और रितिका सचदेव 365 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। आयुष डे ने 347 अंक हासिल कर चौथा, जबकि इशरत नाज ने 333 अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान हासिल किया।

परीक्षा में दोनों ग्रुपों के लिए कुल 98 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 11 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किए। वहीं, अलग-अलग ग्रुप की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों में 16 ने ग्रुप-1 और 21 ने ग्रुप-2 में सफलता प्राप्त की। आईसीएआई जमशेदपुर शाखा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

सिटी टॉपर हर्षित केडिया डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किए और छह में से पांच विषयों में छूट (एक्जेम्प्शन) प्राप्त की। व्यवसायी मनोज केडिया और रंजना केडिया के पुत्र हर्षित ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाना है।

दूसरे स्थान पर रहीं विशाखा मिश्रा ने जुस्को स्कूल साउथ पार्क से पढ़ाई की और जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक किया। तीसरे स्थान पर रहीं रितिका सचदेव काशीडीह हाई स्कूल की पूर्व छात्रा हैं। दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों के सहयोग को दिया। तीनों विद्यार्थियों की उपलब्धि से उनके परिवारों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।