जमशेदपुर: एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, जमशेदपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। गर्ल्स डे स्कूल श्रेणी में स्कूल को देशभर में नौवां स्थान मिला है। वहीं, झारखंड और जमशेदपुर में स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं, अभिभावकों और पूर्ववर्ती छात्राओं में खुशी का माहौल है।


प्रभात खबर से बातचीत में स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर स्टेफी ने कहा कि इस सफलता में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी के विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है।
प्रिंसिपल ने कहा कि यह उपलब्धि एपोस्टोलिक कार्मेल की संस्थापक वेनेरेबल मदर वेरोनिका की महिला शिक्षा और सशक्तीकरण की परिकल्पना को आगे बढ़ाती है। स्कूल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाना है।
स्कूल प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय वर्तमान नेतृत्व, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, छात्राओं, अभिभावकों, पूर्ववर्ती छात्राओं और संस्थान से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों को दिया। प्रबंधन ने गुणवत्तापूर्ण और मूल्य आधारित शिक्षा के माध्यम से छात्राओं को आत्मविश्वासी, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान से सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल ने जमशेदपुर की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया है।

