आधुनिक सुविधाओं से सजा बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी ऑनलाइन उद्घाटन

Spread the love

जमशेदपुर: ओड़िशा के ऐतिहासिक बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेशन को महिला, दिव्यांग और आम यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। स्टेशन पर अब केवल एक-दो प्रतिशत फिनिशिंग और सफाई का काम बाकी बताया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन किए जाने की संभावना है। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, चार और पांच नवंबर के प्रस्तावित ओड़िशा दौरे के दौरान उद्घाटन हो सकता है।

स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर विशाल पार्किंग परिसर बनाया गया है। यहां चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष कॉरिडोर तैयार किए गए हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप, संकेतक और बाधा रहित आवागमन की व्यवस्था की गई है।

स्टेशन भवन के दोनों ओर महिला और पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग विश्राम कक्ष बनाए गए हैं। ट्रेनों की आवाजाही और अन्य जरूरी सूचनाएं देने के लिए एलसीडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके अलावा, धात्री माताओं और छोटे बच्चों की सुविधा के लिए बेबी फीडिंग रूम भी तैयार किया गया है।

स्टेशन की दीवारों पर बनी आकर्षक पेंटिंग्स में ओड़िशा और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देती है। रात में स्टेशन भवन और सर्कुलेटिंग एरिया विशेष विद्युत प्रकाश से जगमगाएगा।

बादामपहाड़ स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। हालांकि, उद्घाटन की अंतिम तारीख और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।