जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन की यूनिफॉर्म सर्विसेज कोचिंग पहल जामाडोबा और सिजुआ के युवाओं को रक्षा, पुलिस और अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए तैयार कर रही है। नवंबर 2022 में शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों को शैक्षणिक कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, मॉक टेस्ट और मेंटरशिप दी जाती है। पहले यह एक वर्षीय कार्यक्रम था, जिसे चालू वित्तीय वर्ष से छह महीने के इंटेंसिव मॉडल में बदल दिया गया है।


दोनों केंद्रों पर अब तक कुल 93 अभ्यर्थियों ने नामांकन कराया है। इनमें 12 पुरुष और पांच महिलाएं सहित 17 युवा सीआईएसएफ, आईटीबीपी, बीएसएफ, एसएससी जीडी, अग्निवीर और बिहार पुलिस जैसी सेवाओं में सरकारी नौकरी हासिल कर चुके हैं। वहीं, होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सफल 21 अभ्यर्थी मेडिकल टेस्ट पूरा करने के बाद अंतिम मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं। इनमें छह महिलाएं शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान गणित, रीजनिंग, हिंदी-अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान, पॉलिटी और रक्षा संबंधी जानकारी की पढ़ाई कराई जाती है। प्रत्येक केंद्र पर एक फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर और दो विषय विशेषज्ञ तैनात हैं। सोमवार से शुक्रवार तक सुबह शारीरिक प्रशिक्षण और दोपहर में कक्षाएं आयोजित होती हैं। अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी, शंकाओं के समाधान और फिटनेस आकलन में भी सहयोग दिया जाता है।
कार्यक्रम का विस्तार वेस्ट बोकारो तक किया गया है। भविष्य में इसे अन्य क्षेत्रों में भी शुरू करने की योजना है। आईटीबीपी, चंडीगढ़ में कार्यरत आनंद कुमार ने बताया कि एसएससी जीडी चयन में कुछ अंकों से चूकने के बाद इस कोचिंग से उन्हें मार्गदर्शन, अनुशासन और आत्मविश्वास मिला। वहीं, सिजुआ की अभ्यर्थी आशा महतो ने कहा कि आर्मी की वर्दी पहनना उनका सपना है और प्रशिक्षण से उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिल रही है।

