जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, प्रकाश नगर स्थित प्रीतपाल के घर में जुआ खेला जा रहा था। देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान मौके से करीब सात लाख रुपये नकद बरामद किए गए।


छापेमारी के दौरान पुलिस को जुए से जुड़े हिसाब-किताब के दो से तीन रजिस्टर, ताश के पत्ते और बोर्ड भी मिले हैं। पुलिस ने बरामद नकदी और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। इन दस्तावेजों के जरिए जुए के खेल से जुड़े लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रकाश नगर में पिछले कई महीनों से जुआ खेलने का सिलसिला चल रहा था। यहां शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग जुआ खेलने पहुंचते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कदमा, सोनारी और परसुडीह समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों के भी इसमें शामिल होने की बात सामने आई है।
पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जुए का अड्डा कब से संचालित था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। बरामद नकदी, रजिस्टर और अन्य सामान की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।

