जमशेदपुर: भालूबासा स्थित श्री श्री विजय बजरंग मंदिर (जंबू अखाड़ा) समिति की ओर से 12 दिसंबर को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में पांच जरूरतमंद जोड़े हिंदू रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधेंगे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के लिए वर-वधू पक्ष का निशुल्क पंजीकरण किया जा रहा है। इच्छुक परिवार 20 नवंबर तक जंबू अखाड़ा कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।


समिति के संरक्षक बंटी सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। आयोजन का उद्देश्य उन परिवारों की मदद करना है, जिन्हें आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों की शादी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। समिति के अनुसार, पंजीकरण से लेकर विवाह संपन्न होने तक वर या वधू पक्ष से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति और स्वास्थ्य जांच से संबंधित रिपोर्ट जमा करना अनिवार्य है। इनमें सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल और एचआईवी जांच रिपोर्ट शामिल हैं। विवाह समारोह से पहले मेहंदी की पारंपरिक रस्म होगी। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ सभी वरों की संयुक्त बारात निकाली जाएगी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांचों जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
जंबू अखाड़ा समिति इससे पहले वर्ष 2022 और 2025 में भी पांच-पांच जोड़ों का सामूहिक विवाह करा चुकी है। इस बार भी समिति जरूरतमंद परिवारों को आयोजन से जोड़ने में जुटी है। बैठक में समिति के पदाधिकारी और कई सदस्य उपस्थित रहे। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।

