जमशेदपुर: साकची गुरुद्वारा साहिब में रिक्त ट्रस्टी पदों को भरने की मांग को लेकर मंगलवार को बाबा दीप सिंह सेवक जत्था के प्रधान सरदार गुरदेव सिंह राजा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान निशान सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जल्द जनरल बॉडी की बैठक बुलाकर खाली पदों पर नए ट्रस्टियों की नियुक्ति करने की मांग रखी। इस पर कमेटी की ओर से आश्वासन दिया गया कि नगर कीर्तन और शहीदी दिहाड़ा संपन्न होने के बाद जनवरी में बैठक संबंधी सूचना जारी की जाएगी।


प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में कुल पांच मनोनीत ट्रस्टियों में से सरदार अवतार सिंह भामरा और जगजीत सिंह का निधन हो चुका है, जबकि अवतार सिंह फूरती लंबे समय से बीमार हैं। फिलहाल सतनाम सिंह और रवींद्र सिंह ही अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
सरदार गुरदेव सिंह राजा ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब की गरिमा बनाए रखने, कामकाज का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और पारदर्शिता कायम रखने के लिए ट्रस्टियों का कोरम पूरा होना जरूरी है। उन्होंने मांग की कि जनरल बॉडी की बैठक से संबंधित आधिकारिक सूचना गुरुद्वारा साहिब के सार्वजनिक नोटिस बोर्ड पर लगाई जाए, ताकि पूरी संगत को बैठक की जानकारी मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में हरविंदर सिंह मंटू, सुखविंदर सिंह राजू, जोगिंदर सिंह, अजीत सिंह गंभीर, महिंदर सिंह, मनिंदर सिंह सोनी, संदीप सिंह दीपू, सरबजीत सिंह टोबी समेत कई अन्य लोग शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि कमेटी जल्द बैठक की प्रक्रिया पूरी कर रिक्त पदों को भरने की दिशा में कदम उठाएगी।

