दिल्ली: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ और अभिजीत दीपके के बीच जून में शुरू हुआ बयानबाजी का मामला अब नरम पड़ता दिखाई दे रहा है। दिल्ली में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपने पुराने बयान ‘मैं एक आर्टिस्ट हूं, राजनेता नहीं’ का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाबियों को लड़ना सिखाने की जरूरत नहीं है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर दिलजीत की तारीफ की और उनके प्रति सम्मान जताया।


दरअसल, जून में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) नीट पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली में प्रदर्शन कर रही थी। उस दौरान दिलजीत से प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया था। उन्होंने खुद को कलाकार बताते हुए राजनीति से दूर रखने की बात कही थी। इस बयान से अभिजीत दीपके नाराज हो गए थे।
अपने हालिया पोस्ट में अभिजीत ने कहा कि जून में दिलजीत की टिप्पणी से उन्हें दुख पहुंचा था, क्योंकि वह हमेशा उन्हें सही मुद्दों पर आवाज उठाते देखते आए हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले से दिलजीत के प्रशंसक रहे हैं और आज भी उनका संगीत सुनते हैं। अभिजीत ने मई में शिकागो में आयोजित दिलजीत के कॉन्सर्ट में शामिल होने का भी जिक्र किया।
अभिजीत ने लिखा कि दिलजीत की एक टिप्पणी या गलतफहमी उनके प्रति सम्मान और प्यार को कम नहीं कर सकती। उन्होंने दिलजीत को छोटा भाई बताते हुए पुरानी बात भूल जाने की अपील की।
इससे पहले अभिजीत ने दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं मिलने की खबरों पर सोशल मीडिया में तंज कसा था। वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पंजाबी गायक काका की मौजूदगी में भी उन्होंने दिलजीत के पुराने बयान पर कटाक्ष किया था। अभिजीत के नए पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दी हैं।

