दिवाली पर 8 नवंबर को साकची रेड क्रॉस भवन में लगेगा रक्तदान शिविर, स्वर्गीय केदारमल पलसानिया को दी जाएगी श्रद्धांजलि

Spread the love

जमशेदपुर: दिवाली के अवसर पर 8 नवंबर को साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर रेड क्रॉस सोसाइटी के संरक्षक स्वर्गीय केदारमल जी पलसानिया की स्मृति में उनके परिवार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

शिविर के माध्यम से रक्तदान कर स्वर्गीय केदारमल जी पलसानिया को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजकों ने शहर के रक्तदाताओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह और शिविर के संयोजक पलसानिया परिवार ने लोगों से 8 नवंबर को रेड क्रॉस भवन पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है और यह दिवंगत केदारमल जी पलसानिया के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक माध्यम होगा।

आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की है। दिवाली के पर्व पर आयोजित यह शिविर सामाजिक सहयोग और मानव सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।