रांची: झारखंड सरकार राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित करेगी। 15 नवंबर को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वर्ष 2026 की जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षाओं के स्टेट टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। शिक्षा विभाग के अनुसार, समारोह में कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। विद्यार्थियों को नकद राशि के साथ लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।


तीनों बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के टॉप थ्री विद्यार्थियों को क्रमशः तीन लाख, दो लाख और एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय के टॉपर्स को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। तीनों बोर्ड के कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 10वीं और 12वीं के 12 टॉपर्स को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र मिलेंगे।
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। आकांक्षा कोचिंग के 50 सफल विद्यार्थियों में जेईई के 35 और नीट के 12 अभ्यर्थी शामिल हैं। क्लैट में सफल विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
समारोह के लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और नौ टैब वितरित किए जाएंगे। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को 13 नवंबर तक विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी देने का निर्देश दिया है। किसी विद्यार्थी के समारोह में नहीं पहुंच पाने पर उसके माता-पिता शामिल हो सकेंगे।

