धालभूमगढ़: थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ भाटीसाल बस स्टैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की क्रॉसिंग पर शुक्रवार देर शाम तीन वाहनों की टक्कर में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में पाइप लदा ट्रक, एनएचएआई का पिकअप वैन और चिप्स लदा छोटा हाथी वाहन शामिल था। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, पाइप लदा ट्रक (एनएल 04 एए 0315) जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एरोड्रम की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार क्रॉसिंग पार कर जमशेदपुर की ओर मुड़ने लगी। कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन बाईं ओर मोड़ दिया, जहां मजदूरों को उतारने के लिए एनएचएआई का पिकअप खड़ा था। इसी दौरान क्रॉसिंग पार कर रहा चिप्स लदा छोटा हाथी भी टक्कर की चपेट में आ गया।
हादसे में पिकअप और छोटा हाथी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पिकअप में सवार मजदूर एनएच डिवाइडर पर घास की सफाई का काम पूरा कर घर लौट रहे थे। घायलों की पहचान मोहम्मद रिजवान (38), सूरज गोप (28), बाहा हांसदा (35), कारना बेसरा (55), तापस चित्रकार (29), मोहम्मद दिलशाद और जय सिंह (58) के रूप में हुई है।
घटना के बाद ‘सेवा ही धर्म’ और एनएचएआई की एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को जमशेदपुर रेफर किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।

