जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के लिए गौरव का क्षण है। संस्थान के शोधार्थी कुमार अभिषेक के अंतरिक्ष रोबोटिक्स पर किए गए शोध की बाह्य परीक्षक IIT पलक्कड़ के प्रोफेसर संथाकुमार मोहन ने सराहना की है। उनका शोध अंतरिक्ष में रोबोट की कार्यक्षमता और सटीकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित है।


शोध में यह बात सामने आई है कि अंतरिक्ष में काम करने वाले रोबोट की सटीकता केवल उसके पुर्जों और तकनीकी संरचना पर निर्भर नहीं करती, बल्कि अंतरिक्ष यान में उत्पन्न होने वाली हलचल का भी उसके प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ता है। यान में होने वाली कंपन और गति रोबोट की कार्यप्रणाली तथा सटीकता को प्रभावित कर सकती है।
यह शोध डॉ. विजय कुमार डल्ला के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। बाह्य परीक्षक प्रो. संथाकुमार मोहन ने शोध के विषय और उसके निष्कर्षों की सराहना की।
अंतरिक्ष रोबोटिक्स जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्र में किया गया यह शोध भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों में रोबोट की बेहतर कार्यक्षमता और सटीकता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इस उपलब्धि से NIT जमशेदपुर के शोध एवं तकनीकी क्षेत्र को नई पहचान मिली है।

