मुंबई: फिल्म ‘रामायण’ में माता कौशल्या का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन ने भगवान श्रीराम की भूमिका के लिए रणबीर कपूर की मेहनत और समर्पण की सराहना की है। उन्होंने रणबीर के साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस किरदार को निभाने के दौरान अभिनेता ने अपनी जीवनशैली और दिनचर्या में कई बदलाव किए।


इंदिरा के मुताबिक, श्रीराम की भूमिका के लिए रणबीर पूरी तरह शाकाहारी हो गए थे। वह नियमित रूप से वर्कआउट करते थे और सादा भोजन करते थे। उन्होंने अपने व्यवहार और रोजमर्रा की आदतों में भी बदलाव किया। इंदिरा ने रणबीर को एक बेहतरीन अभिनेता, अच्छे सह-कलाकार और जिम्मेदार पिता के रूप में सराहा।
रणबीर के श्रीराम के किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए इंदिरा ने कहा कि वह इस भूमिका में रणबीर के अलावा किसी अन्य अभिनेता की कल्पना नहीं कर सकतीं। उन्होंने बताया कि रणबीर हर शॉट के बाद अपने अभिनय को लेकर फीडबैक लेते थे और उसे बेहतर बनाने की कोशिश करते थे।
फिल्म के दूसरे भाग को लेकर इंदिरा ने बताया कि इसकी कहानी और निर्माण का दायरा काफी बड़ा होगा। इसमें लंका और हनुमान से जुड़े महत्वपूर्ण दृश्य दिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लंका के अंदर के दृश्यों सहित कई तकनीकी कार्यों में काफी समय लगेगा। जटायु और रावण के दृश्य तैयार करने में तकनीकी कारणों से साढ़े छह साल लगे।

