चाईबासा: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त बनाना और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।


कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, सरकारी कर्मचारियों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने और इसके दुष्प्रभावों से बचने की शपथ ली। ग्रामीणों को प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रहण और उसके पृथक्करण की जानकारी भी दी गई, ताकि कचरे का सही तरीके से प्रबंधन किया जा सके।
अभियान के तहत दुकानदारों और हाट-बाजार के विक्रेताओं से प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई। लोगों को पर्यावरण के अनुकूल इन विकल्पों को अपनाने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

