: चाईबासा में जिला स्तरीय पारंपरिक एवं जनजातीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

Spread the love

चाईबासा : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अवसर पर शनिवार को बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार ने किया। इस अवसर पर चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितीन प्रकाश भी उपस्थित थे।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक खेलों को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना सभी की जिम्मेदारी है।

उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने तथा उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

प्रतियोगिता में हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, मटका दौड़, गेंड़ी दौड़, भारा दौड़, सेकोर और गुलेल समेत कई पारंपरिक खेल आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार और नगर परिषद अध्यक्ष नितीन प्रकाश ने स्वयं भी पारंपरिक खेलों में हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।