झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 121 होने की संभावना : आदित्य साह

Spread the love

रांची : परिसीमन के बाद झारखंड में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने दावा किया है कि राज्य में लोकसभा की वर्तमान 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की 81 सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 121 होने की संभावना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव वाला निर्णय बताया।

आदित्य साहू के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इससे अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) सहित विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और झारखंड की आवाज संसद तथा विधानसभा में अधिक मजबूती से उठ सकेगी।

उन्होंने कहा कि देश की आबादी और भौगोलिक परिस्थितियों में बदलाव के कारण निर्वाचन क्षेत्रों का दायरा बढ़ गया है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों के लिए अपने पूरे क्षेत्र का भ्रमण करना और लोगों की समस्याओं को समझना कठिन हो जाता है। परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण और सीटों की संख्या बढ़ने से जनता तथा जनप्रतिनिधियों के बीच संपर्क मजबूत होगा।

आदित्य साहू ने कांग्रेस और झामुमो सहित विपक्षी दलों पर परिसीमन को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने महिला आरक्षण को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इससे पहले अप्रैल 2026 में संसद में पर्याप्त बहुमत नहीं मिलने के कारण संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका था। उस समय झारखंड में इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने इसका विरोध किया था। झामुमो और कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई थी कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन होने से राज्य में एसटी के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या घट सकती है।

केंद्रीय कैबिनेट से विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है। हालांकि, सीटों की संख्या में वास्तविक बढ़ोतरी और नए निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण संसद की मंजूरी तथा आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पर निर्भर करेगा