विद्या भारती चिन्मय विद्यालय में संविधान दिवस पर शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन

Spread the love

जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी स्थित विद्या भारती चिन्मय विद्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विष्णु चंद्र दीक्षित के मार्गदर्शन और प्राचार्या श्रीमती मीना विल्खु के निर्देशन में मानविकी विभाग ने कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करना और उनमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना था।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पोस्टर और प्लाकार्ड तैयार किए। इसके अलावा प्रश्नोत्तरी, मॉक पार्लियामेंट और समूह चर्चा जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। पोस्टर और प्लाकार्ड के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व तथा उसमें निहित मूल्यों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रश्नोत्तरी के जरिए उन्होंने संविधान से जुड़ी अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया।

‘आप क्या करेंगे?’ विषय के तहत विद्यार्थियों को अलग-अलग परिस्थितियां दी गईं। इन पर उन्होंने अपने विचार और तर्क प्रस्तुत करते हुए उचित निर्णय बताए। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।