आदित्यपुर: आशियाना मोड़ के पास सरकारी जमीन पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। गम्हरिया अंचलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन से नए निर्माण और लगाए गए पिलरों को JCB की मदद से हटाया।


प्रशासन के अनुसार, इस जमीन से पहले भी अवैध निर्माण हटाया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने रात के समय दोबारा पिलर खड़े कर जमीन पर कब्जे का प्रयास किया। साथ ही जमीन पर अपना दावा करते हुए एक बोर्ड भी लगाया गया था।
शिकायत मिलने के बाद अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जमीन की मापी एवं जांच की। जांच में संबंधित पूरी जमीन सरकारी पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने वहां किए गए नए निर्माण और पिलरों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने या निर्माण करने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह समेत अंचल प्रशासन के अधिकारी और आदित्यपुर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।

