बोकारो: सेक्टर 12-ई में ब्लॉक की पानी की टंकी और सीढ़ी गिरने की घटना के बाद रविवार को CITU की जांच समिति ने मौके का निरीक्षण किया। घटना के दौरान ब्लॉक में रहने वाले लोगों की जान पर खतरा बन गया था। निरीक्षण के बाद यूनियन ने बोकारो स्टील प्रबंधन से आवासों की सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर तत्काल कदम उठाने की मांग की।


CITU के महासचिव आर.के. गोराईं ने आरोप लगाया कि बाहर से देखने पर संबंधित ब्लॉक की हाल ही में पेंटिंग की गई प्रतीत होती है, लेकिन आवासों के नियमित रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने के नाम पर बड़ी राशि खर्च की जाती है, जबकि कर्मचारियों और पूर्व कर्मचारियों के आवासों की समय पर मरम्मत नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।
यूनियन ने आवासों की मौजूदा स्थिति की व्यापक जांच कराने की मांग की है। CITU के अनुसार, पूरे सेक्टर 12 के लिए केवल एक मेंटेनेंस कार्यालय है, जो नाइट शिफ्ट में बंद रहता है। साथ ही सिविल, बिजली, जलापूर्ति और जनस्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाओं के लिए पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की कमी का भी आरोप लगाया गया।
CITU ने आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम की व्यवस्था करने की मांग की है। यूनियन ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और जांच समिति में अपने प्रतिनिधि को शामिल करने की मांग भी रखी।
इसके अलावा पुराने आवासों की स्थिति की जांच, कर्मचारियों एवं पूर्व कर्मचारियों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की मांग की गई।
जांच समिति में देव कुमार, इश्तियाक अंसारी, संजय अंबेडकर, आर.एन. सिंह और आर.आर. पन्ना समेत अन्य सदस्य शामिल रहे।

