आदित्यपुर: आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति की ओर से एस टाइप स्थित होटल राज प्रभा में स्वर्गीया रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सभा आयोजित की गई। युवा राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष उदित यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने रूपी सोरेन के जीवन, संघर्ष और परिवार के प्रति उनके योगदान को याद किया।


पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन त्याग, संघर्ष, ममता और धैर्य का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि वह केवल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता और झारखंड आंदोलन के नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी ही नहीं थीं, बल्कि आंदोलन के लंबे संघर्षपूर्ण दौर में परिवार को संभालने वाली महत्वपूर्ण शक्ति भी थीं।
उन्होंने कहा कि जब शिबू सोरेन गरीबों, आदिवासियों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब रूपी सोरेन ने घर-परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हुए उन्हें सहयोग दिया। उनके अनुसार, भले ही रूपी सोरेन की भूमिका सार्वजनिक मंचों पर अधिक दिखाई नहीं दी, लेकिन परिवार को संबल देने और बच्चों को संस्कार देने में उनका योगदान महत्वपूर्ण था।
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार के साथ-साथ झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों को भी गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में झारखंड की जनता उनके साथ खड़ी है।
श्रद्धांजलि सभा में उदित यादव, देव प्रकाश, सत्येंद्र प्रभात, संतोष यादव, अधिवक्ता संजय कुमार, अरविंद पासवान, राजेश यादव, प्रिंस कुमार, प्रभास कुमार झा, नंदलाल नायक, संतोष कुमार सिंह, रवि शंकर शर्मा, मुकेश गिरी, आर.के. अनिल और राहुल राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

