आदित्यपुर: गरीब मरीजों को कम खर्च में बेहतर इलाज की सुविधा शुरू, राज्यपाल ने किया उद्घाटन

Spread the love

आदित्यपुर: नेता जी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए नई सुविधा शुरू की गई है। 8 सितंबर को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इसका उद्घाटन किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम करना है।

नेता जी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि जिस इलाज के लिए मरीजों को बाहर 100 प्रतिशत तक खर्च करना पड़ता है, वही इलाज यहां करीब 50 प्रतिशत खर्च में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए अनुभवी डॉक्टरों को जोड़ा गया है और मरीजों का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में होगा।

मदन मोहन सिंह के अनुसार, इस सुविधा का ट्रायल करीब चार महीने पहले शुरू किया गया था। अब इसे औपचारिक रूप से शुरू किया गया है। उन्होंने दावा किया कि एक साल पुराने किसी अन्य मेडिकल कॉलेज में ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इसी तरह की व्यवस्था पटना में पिछले चार वर्षों से संचालित है। वहां इलाज से जुड़े डॉक्टरों को भी आदित्यपुर के विशेषज्ञ पैनल में शामिल किया गया है। प्रबंधन का कहना है कि इस व्यवस्था से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कम खर्च में इलाज कराने में मदद मिलेगी।