आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर व्यापक फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के कई संवेदनशील इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया।


फुट पेट्रोलिंग के तहत पुलिस ने मुस्लिम बस्ती, एस-टाइप कॉलोनी, फुटबॉल ग्राउंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी और दुकानदारों तथा स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की अन्य समस्याओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस के साथ साझा कीं।
लगातार चलाए जा रहे इस फुट पेट्रोलिंग अभियान से असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय बढ़ा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रिय मौजूदगी पर संतोष जताते हुए इसे सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के फुट पेट्रोलिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। अभियान में आदित्यपुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

