जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित गुरु नानक नगर में एक महिला ने अपने फ्लैट पर जबरन कब्जा, मारपीट और पवित्र धार्मिक ग्रंथ के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता जसबीर कौर ने इस संबंध में साकची थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, घटना 30 जून 2026 की है। पीड़िता का आरोप है कि निर्मल झा नामक व्यक्ति 20-25 अज्ञात महिला और पुरुषों के साथ उनके फ्लैट पर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने ग्राइंडर मशीन से फ्लैट की ग्रिल और दरवाजे काटकर जबरन प्रवेश किया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उनका अपहरण करने की भी कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह पड़ोसियों के घर में शरण लेकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके पति के साथ मारपीट की और घर का सारा सामान बाहर फेंक दिया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उनके पवित्र धार्मिक ग्रंथ ‘गुटका साहिब’ का भी अपमान किया गया तथा उसे पैरों से बाहर फेंका गया, जिससे उनकी और सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
जसबीर कौर का आरोप है कि घटना के समय उन्होंने पुलिस सहायता के लिए 100 और 112 नंबर पर फोन किया था, लेकिन मौके पर कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि 12 जून 2026 को जान से मारने की धमकी और मारपीट के संबंध में भी पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता का कहना है कि वर्तमान में उनके फ्लैट पर आरोपियों का अवैध कब्जा है। उन्होंने पुलिस से फ्लैट को तत्काल कब्जामुक्त कराने, पवित्र धार्मिक ग्रंथ के कथित अपमान और जबरन कब्जे के मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

