जमशेदपुर: शहर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित पारडीह काली मंदिर के पास महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। कार चलाना सीख रही एक महिला ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार कुछ युवकों ने लगातार उनकी कार का पीछा किया, जिससे वह घबरा गईं और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।


जानकारी के अनुसार, मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी महिला वेव इंटरनेशनल की ओर से कार ट्रेनर के साथ ड्राइविंग का अभ्यास कर रही थीं। कार ट्रेनर के मुताबिक दोनों पारडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पारडीह काली मंदिर के पास दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
महिला और कार ट्रेनर का आरोप है कि बाइक सवार युवक बार-बार कार के करीब आकर वाहन को रोकने की कोशिश कर रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने कार की खिड़की पर भी दस्तक दी। इस दौरान महिला घबरा गईं और कार से नियंत्रण खो बैठीं। अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ को देखकर पीछा करने के आरोपित चारों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाइक सवार युवकों ने कार का पीछा क्यों किया। मानगो थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और तथ्यों का पता चल सकेगा।

