नीट 2026 में आदित्यपुर के किसलय ठाकुर का शानदार प्रदर्शन, पहले प्रयास में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 7831

Spread the love

सरायकेला: आदित्यपुर-01, मार्ग संख्या-08 निवासी किसलय ठाकुर ने नीट (NEET) 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किसलय ने अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7831 तथा कैटेगरी रैंक 3355 प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

किसलय की माता अंशु झा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में उच्चाधिकारी हैं और वर्तमान में गया में क्षेत्रीय प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके पिता उज्ज्वल कुमार टाटा स्टील, जमशेदपुर में क्षेत्रीय प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं।

किसलय ने अपनी नीट की तैयारी आकाश इंस्टीट्यूट से की। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरीज इंग्लिश स्कूल, बिष्टुपुर से हुई। इसके बाद उन्होंने मैट्रिक की पढ़ाई एनसीएस, मुंबई से तथा इंटरमीडिएट की शिक्षा क्रीएन मेमोरियल हाई स्कूल, गया से पूरी की।

किसलय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच को सफलता का प्रमुख आधार बताया।

परिजनों ने बताया कि किसलय ने यह उपलब्धि हासिल कर अपने दादा-दादी के लंबे समय से देखे गए सपने को साकार किया है। उनकी इस सफलता पर परिजन, मित्र और शुभचिंतक उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।