एनआईटी जमशेदपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के तीन फैकल्टी दुनिया के शीर्ष 5% वैज्ञानिकों में शामिल

Spread the love

जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के लिए गर्व की बात है कि विभाग के तीन संकाय सदस्य प्रो. सतीश कुमार, डॉ. सैकत रंजन मैती और डॉ. विशेष रंजन कर को साईरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री 2025 की रिपोर्ट में दुनिया के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान मिला है। यह सम्मान शोध कार्यों की गुणवत्ता, प्रकाशनों, उद्धरण (साइटेशन), अनुसंधान उत्पादकता और समग्र वैज्ञानिक योगदान के व्यापक मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया है।

यह उपलब्धि तीनों शिक्षकों के उत्कृष्ट शोध, नवाचार और ज्ञान सृजन के क्षेत्र में निरंतर योगदान का प्रमाण मानी जा रही है। साथ ही, इससे एनआईटी जमशेदपुर की वैश्विक शोध प्रतिष्ठा और अकादमिक पहचान को भी नई मजबूती मिली है।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. परमानंद कुमार ने तीनों संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां विभाग में शोध संस्कृति को और सशक्त बनाती हैं तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा शिक्षकों को बेहतर अनुसंधान के लिए प्रेरित करती हैं।

एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने भी तीनों वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान वैश्विक शोध जगत में एनआईटी जमशेदपुर की बढ़ती पहचान का प्रतीक है। साथ ही, यह उपलब्धि संस्थान की नवाचार, अकादमिक उत्कृष्टता और समाजोपयोगी अनुसंधान को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।