आमगो में मुख्य नाले पर कथित अतिक्रमण का विरोध, प्रशासन ने रुकवाया निर्माण कार्य

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो के शंकोशाही रोड नंबर-4 स्थित वार्ड संख्या 8 में मुख्य नाले पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। क्षेत्रवासियों और वार्ड पार्षद विवेक पात्रो की शिकायत के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया।

वार्ड पार्षद विवेक पात्रो ने आरोप लगाया कि मुख्य नाले पर निर्माण किए जाने से क्षेत्र के करीब 50 परिवार प्रभावित होंगे। उनका कहना है कि संबंधित पक्ष सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कर रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि निर्माण से जुड़े लोगों द्वारा अब तक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य नाले पर निर्माण होने से जल निकासी व्यवस्था बाधित हो सकती है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। हालांकि, क्षेत्रवासियों ने मानगो नगर निगम से पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने तथा भविष्य में मुख्य नाले पर दोबारा किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो, इसके लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और सार्वजनिक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।