जुगसलाई में प्रस्तावित शराब दुकान का स्थानीय लोगों ने किया विरोध, अनुमति रद्द करने की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: जुगसलाई क्षेत्र में प्रस्तावित नई शराब दुकान खोलने के विरोध में स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इसकी अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर दुकान खोले जाने की तैयारी चल रही है, उसके ठीक सामने एक मंदिर स्थित है। इसके अलावा आसपास कपड़े, आभूषण और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जहां बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी कार्यरत हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका धार्मिक, आवासीय और व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ सकती है, जिससे महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

नागरिकों ने प्रशासन को दिए आवेदन में मांग की है कि शराब दुकान की अनुमति देने से पहले सभी नियमों और मानकों की गहन जांच की जाए। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्थल धार्मिक स्थल के बेहद निकट होने के कारण स्थानीय जनभावनाओं और क्षेत्र की परिस्थितियों को भी निर्णय का आधार बनाया जाना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जनहित में प्रस्तावित शराब दुकान की अनुमति निरस्त करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि क्षेत्र की शांति, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।