जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना झील में डूबने से दो युवा डॉक्टरों की मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। मृतक डॉ. सक्षम सिंह और डॉ. समीर लाल के परिजनों ने घटना को सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। डॉ. सक्षम सिंह के पिता सत्येंद्र कुमार सिंह ने बोड़ाम थाना में आवेदन देकर मामले की पुनः जांच की अपील की है। वहीं डॉ. समीर लाल के पिता अजय लाल ने भी घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं।


परिजनों का कहना है कि घटना के समय तीन युवक साथ थे, लेकिन दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा सुरक्षित बच निकला। ऐसे में पूरी घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। आवेदन में बताया गया है कि 24 जुलाई की सुबह डॉ. सचिन ने फोन कर दोनों डॉक्टरों के डिमना झील में लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद परिवार पलामू से जमशेदपुर पहुंचा, जहां एमजीएम अस्पताल में डॉ. सक्षम सिंह की मौत की जानकारी मिली।
परिजनों के अनुसार, तीनों दोस्त रात में हॉस्टल से डिमना झील गए थे। उन्होंने पुलिस से कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट, एफएसएल जांच और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि घटना की सच्चाई सामने लाना है। यदि जांच में किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए।

