‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बाद नई एंट्री, जस्टिस कटजू की ‘इश्क करो पार्टी’ से मची चर्चा

Spread the love

नई दिल्ली : सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चाओं के बीच पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज मार्कंडेय कटजू ने ‘इश्क करो पार्टी’ नाम से एक नई पहल की घोषणा की है। उन्होंने युवाओं से इस मंच से जुड़ने की अपील करते हुए इसका संदेश “मेक लव, नॉट वॉर” बताया। कटजू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी की जानकारी साझा की और इच्छुक लोगों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया।

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अभिजीत दिपके की ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल ही में CJP ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। कटजू की नई पहल को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे CJP की ‘प्रतिद्वंद्वी पार्टी’ तक कहना शुरू कर दिया है।

हालांकि ‘इश्क करो पार्टी’ का कोई औपचारिक घोषणापत्र अभी सामने नहीं आया है, लेकिन इसके नाम और संदेश को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। कटजू का कहना है कि यह पहल प्रेम, सौहार्द और मानवीय जुड़ाव को बढ़ावा देने के विचार पर आधारित है।