नकली दवा घोटाले में बड़ा खुलासा, CBI के रडार पर वरिष्ठ सरकारी अधिकारी

Spread the love

नई दिल्ली : नकली दवाओं के बहुचर्चित मामले में सीबीआई की जांच के दायरे में अब एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी आ गया है। जांच एजेंसी को शक है कि इस अधिकारी ने मामले के एक आरोपी को सीबीआई जांच में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसके बदले 3 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

सीबीआई ने इस मामले में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, वह कथित तौर पर रिश्वत की पहली किस्त लेते समय पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि नकली दवा निर्माण और बिक्री से जुड़े मामले के आरोपी एन. राजा उर्फ वल्लियप्पन से दिल्ली में कई मुलाकातें हुई थीं, जिनमें कथित तौर पर राहत दिलाने की बात कही गई थी।

सीबीआई पहले से ही हजारों करोड़ रुपये के कथित नकली दवा कारोबार की जांच कर रही है। ताजा भ्रष्टाचार मामले में एजेंसी ने कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया है। पूरे प्रकरण में धन के लेनदेन और प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने के आरोपों की पड़ताल जारी है।