रांची: राज्यसभा चुनाव परिणामों के बाद महागठबंधन में चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच कांग्रेस कोटे की मंत्री Shilpi Neha Tirkey ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी K. Raju का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि के. राजू पर लगाए जा रहे आरोप निराधार और भ्रामक हैं।


मंत्री ने कहा कि कुछ लोग बिना तथ्यों के कांग्रेस प्रभारी को निशाना बना रहे हैं, जबकि उनका पूरा राजनीतिक जीवन गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं में योगदान का किया उल्लेख
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), सूचना का अधिकार (RTI), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास कानून जैसे महत्वपूर्ण जनहितकारी प्रयासों में के. राजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए उनके कार्यों की भी सराहना की।
बिना साक्ष्य आरोप लगाने वालों पर साधा निशाना
मंत्री ने कहा कि के. राजू की पहचान किसी पद से नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, कार्यशैली और जनसेवा से है। उन्होंने लोगों से किसी भी व्यक्ति पर टिप्पणी करने से पहले उसके योगदान और कार्यों को समझने की अपील की।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि बिना तथ्यों और प्रमाणों के आरोप लगाने वाले लोग अपनी ही सोच और विश्वसनीयता को उजागर करते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विश्वास के. राजू के नेतृत्व और अनुभव पर बना रहेगा।

