महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और स्तन कैंसर की समय पर पहचान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एम्स देवघर ने रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट की शुरुआत की है। इस नई सुविधा से संताल परगना सहित झारखंड के आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आधुनिक स्तन कैंसर स्क्रीनिंग और जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।


संस्थान के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. नितिन एम. गंगाने ने Allengers MAM Venus Plus Digital Mammography Unit का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मरीजों को आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का लाभ उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है और यह नई सुविधा स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नई डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट में 3-डी डिजिटल ब्रेस्ट टोमोसिंथेसिस (DBT), ड्यूल-एनर्जी कॉन्ट्रास्ट एन्हांस्ड मैमोग्राफी (CEM) और स्टीरियोटैक्टिक ब्रेस्ट बायोप्सी जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इन तकनीकों की मदद से स्तन ऊतकों में होने वाले सूक्ष्म बदलाव, गांठ और अन्य असामान्यताओं का अधिक सटीक आकलन संभव होगा, जिससे बेहतर निदान और उपचार योजना तैयार की जा सकेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है और इसकी समय पर पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। नई सुविधा से कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान आसान होगी, जिससे समय रहते इलाज शुरू कर गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम किया जा सकेगा।
अब तक उन्नत मैमोग्राफी जांच के लिए मरीजों को रांची, कोलकाता और पटना जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। एम्स देवघर में यह सुविधा शुरू होने से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण जांच उपलब्ध होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
उद्घाटन समारोह में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता देवानंद झा, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरदीप कुमार सहित संस्थान के कई चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे।

