सरायकेला (संजीव मेहता): आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 24 स्थित इच्छापुर में आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 01 की सेविका चयन प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। कुल 83 ग्रामीणों ने स्वहस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपते हुए चयन प्रक्रिया में अनियमितता और चयनित सेविका के शैक्षणिक दस्तावेज फर्जी होने का आरोप लगाया है।


ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों—डीसी, एसडीओ, सीओ, बीडीओ और सीडीपीओ—से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ज्ञापन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), गम्हरिया के माध्यम से सौंपा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा और अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता व प्रमाण पत्रों की सही तरीके से जांच नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चयनित अभ्यर्थी द्वारा फर्जी शैक्षणिक योग्यता दर्शाई गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी आवेदकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, मार्कशीट में प्राप्त अंकों की गणना एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पुनः निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि योग्य उम्मीदवार का चयन सुनिश्चित हो सके। साथ ही जांच पूरी होने तक नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी अपील की गई है।

