TMH में दृष्टिबाधितों से कथित दुर्व्यवहार, गार्ड पर अपमानजनक टिप्पणी का आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने अस्पताल के एक सुरक्षाकर्मी पर अपमानजनक टिप्पणी करने और दृष्टिबाधिता का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, छोटा गोविंदपुर निवासी संजीव कुमार, जो दृष्टिबाधित हैं, शनिवार शाम अपनी बीमार मां से मिलने TMH पहुंचे थे। उनकी मां अस्पताल की ओल्ड बिल्डिंग के वार्ड 7बी में भर्ती हैं। उनके साथ उनके मित्र बीरू कुमार नाग भी मौजूद थे, जो स्वयं भी दृष्टिबाधित हैं।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी, जिसने अपना नाम अनीश बताया, से वार्ड 7बी का रास्ता पूछने पर उसने सहायता करने के बजाय कथित रूप से कहा, “तुम तो अंधे हो, रास्ता बता भी दिया तो कैसे जाओगे?” आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने कई बार उन्हें “अंधा” कहकर संबोधित किया और उनकी स्थिति का मजाक उड़ाया।

घटना के दौरान संजीव के भाई निरंजन कुमार फोन पर जुड़े हुए थे। पूरी बातचीत सुनने के बाद वह तत्काल मुख्य गेट पहुंचे और सुरक्षाकर्मी के व्यवहार पर आपत्ति जताई। परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर सुरक्षाकर्मी ने निरंजन के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और अपने आचरण पर खेद व्यक्त करने के बजाय बहस करता रहा।

पीड़ित परिवार का कहना है कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल अमानवीय है, बल्कि उनकी गरिमा और सम्मान को भी ठेस पहुंचाता है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित सुरक्षाकर्मी के विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार का प्रशिक्षण देने की भी मांग की है।

फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।