टेल्को में बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, टाटा मोटर्स कर्मी के घर से जेवर और नकदी ले उड़े चोर

Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के रोड नंबर-10 स्थित एक बंद घर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी का शिकार हुआ मकान टाटा मोटर्स के कर्मचारी अमर कुमार सिंह (के-2/80) का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय अमर कुमार सिंह टाटा मोटर्स में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर चोर पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने अलमारी की तलाशी ली और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह ड्यूटी से लौटने पर अमर कुमार सिंह ने घर का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से जेवर व नकदी गायब मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत टेल्को थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित का बयान दर्ज किया। पुलिस आसपास के घरों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी करने वाले गिरोह की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।