आरआईटी थाना क्षेत्र में चला एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की हुई जांच

Spread the love

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार शाम आरआईटी थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के मार्ग संख्या-4 और मार्ग संख्या-32 में सघन वाहन जांच की गई। पुलिस टीम ने आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने अभियान के दौरान लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों का सहयोग अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह के एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। ऐसे अभियानों के माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाया जा रहा है।