जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित होटल बुलेवार्ड में पीपुल फॉर चेंज द्वारा आयोजित चैंपियन एजुकेटर्स चैंपियनशिप 2026 में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने वाले छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, नेतृत्व और युवाओं के समग्र विकास पर सार्थक संवाद स्थापित करना था। इसमें शिक्षकों, युवा नेताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत परिचयात्मक गतिविधियों और संवादात्मक खेलों से हुई, जिससे प्रतिभागियों के बीच सहज माहौल बना। इसके बाद शिक्षा में सुरक्षित, समावेशी और संवाद आधारित वातावरण की आवश्यकता पर चर्चा की गई। पीपुल फॉर चेंज ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज के युवाओं को ऐसे शैक्षणिक माहौल की जरूरत है, जहां वे आत्मविश्वास के साथ निर्णय ले सकें और नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकें।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा नामांकित छह शिक्षकों को चैंपियन एजुकेटर सम्मान से नवाजा गया। सम्मानित शिक्षकों में ईशिता डे (तारापोर स्कूल), आशु तिवारी (सेंट जोसेफ्स हाई स्कूल), अरविंद तिवारी (उत्क्रमित उच्च विद्यालय, तंगराई), नंदिनी शुक्ला (केरल समाजम मॉडल स्कूल), सिस्टर हिल्डा (लिटिल फ्लावर स्कूल) और सबनम होरो (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हितकू) शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में शिक्षा को केवल परीक्षा और नौकरी तक सीमित न रखकर जीवन कौशल, नेतृत्व, संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने पर जोर दिया गया। युवा प्रतिभागियों ने भी अपनी अपेक्षाएं साझा करते हुए ऐसे स्कूलों की जरूरत बताई, जहां उनकी बात सुनी जाए और उन्हें निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाए।
कार्यक्रम में “माननीय राष्ट्रपति जी को एक खत” और “The Class of Rowdies” फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया, जिनके माध्यम से शिक्षा, संवेदनशीलता और सामाजिक भागीदारी पर विचार-विमर्श हुआ। अंत में प्रतिभागियों ने अपने-अपने संस्थानों में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि चर्चा से प्राप्त सुझावों पर आगे भी शिक्षकों और युवाओं के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।

