सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित बोलाईडीह बस्ती में शनिवार को हुए जगरनाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रविवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।


एसपी ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को हुई इस हत्या के बाद मृतक के भाई सोनू गोप, निवासी बलरामपुर, ने आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 196/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलाईडीह क्षेत्र से हत्या में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम प्रमाणिक (पिता- रविन्द्र प्रमाणिक), संजय नायक (पिता- रामदास नायक), प्रेम नायक तथा गणेश नायक (दोनों पिता- माखन नायक) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड भी बरामद की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने हत्या की गुत्थी काफी हद तक सुलझा ली है, लेकिन हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

