फूड प्लाजा स्थल के पास कथित अवैध डीप बोरिंग से मचा बवाल, नगर निगम की कार्यशैली पर उठे सवाल

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर सवालों के घेरे में है। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 और 30 के अंतर्गत जागृति मैदान के सामने अंबेडकर चौक स्थित एक कथित अवैध वाशिंग सेंटर में रविवार को डीप बोरिंग कराए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उक्त वाशिंग सेंटर का संचालन एक भाजपा नेता द्वारा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर डीप बोरिंग का कार्य चल रहा था, उसके समीप ही नगर निगम की ओर से फूड प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर वहां डीप बोरिंग की अनुमति किस आधार पर दी गई। मामले के सामने आने के बाद नगर निगम की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, जैसे ही इस मामले की जानकारी उपायुक्त, अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार और नगर आयुक्त एजाज अनवर तक पहुंची, नगर निगम के अधिकारियों ने तत्काल बोरिंग का कार्य रुकवा दिया और मशीन को वहां से हटवा दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आकाशवाणी-एनआईटी मुख्य मार्ग के किनारे अंबेडकर चौक और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है। उनका कहना है कि अतिक्रमणकारियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे सरकारी भूमि पर कब्जा करने के साथ-साथ डीप बोरिंग के लिए अनुमति मिलने का भी दावा कर रहे हैं।

इधर, मामले के प्रकाश में आने के बाद अंचल कार्यालय ने संबंधित स्थल पर संभावित अवैध अतिक्रमण और डीप बोरिंग की अनुमति से जुड़े पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अनुमति किन परिस्थितियों में दी गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।